केलांग। जिला लाहौल-स्पीति की रानिका पंचायत के कीर्तिंग गांव निवासी ऋषिक पुत्र अमीर एवं शीला देवी ने जूनियर राज्य स्तर की जैवलिन थ्रो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) जीतकर हिमाचल प्रदेश तथा लाहौल-स्पीति जिले का नाम गौरवान्वित किया है।

ऋषिक की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बिलासपुर के लुहणू मैदान में हिमाचल प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित 5वें राष्ट्रीय जैवलिन दिवस के अवसर पर उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित खेल अधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं खिलाडिय़ों ने ऋषिक की सफलता को प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक बताया।
वक्ताओं ने कहा कि ऋषिक की यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। दुर्गम जनजातीय क्षेत्र से निकलकर राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना पूरे लाहौल-स्पीति के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता ने यह सिद्ध किया है कि प्रतिभा और दृढ़ संकल्प के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। हिमाचल प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन ने ऋषिक को उनकी स्वर्णिम सफलता पर बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि वे भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।










