पालमपुर :पालमपुर के नगरी गांव में मकान का किराया मांगने गए मकान मालिक की किरायेदारों ने हत्या कर दी। पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। मकान मालिक की पहचान अशोक कुमार के रूप में हुई है। नगरी गांव की कलूंड पंचायत में मंगलवार देर शाम यह वारदात हुई। अशोक कुमार अपना किराया मांगने प्रवासी लोगों के पास गया था।
वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आगामी कार्रवाई की। जानकारी के मुताबिक नगरी के अशोक कुमार ने कुछ दिन पहले अपने मकान को प्रवासी लोगों को किराये पर दे रखा था। ये प्रवासी लोग बाद में दूसरी जगह शिफ्ट हो गए थे। अशोक कुमार मंगलवार देर शाम अपना किराया लेने की मंशा से इन लोगों के पास गया था। कहासुनी के दौरान प्रवासी लोगों ने उस पर हमला कर उसे घायल कर दिया और वहां से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पालमपुर पुलिस उपाधीक्षक अमित शर्मा और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और साक्ष्य जुटाए।
घटनास्थल से पुलिस ने खून से सना तेजधार हथियार भी मौके पर बरामद किया है। बताया जा रहा है कि इन प्रवासियों ने पंचायत में अपना पंजीकरण भी नहीं करवाया था। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में झारखंड निवासी जत्रुपैक नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।