मंडी: हिमाचल प्रदेश में मानसून सीजन में भारी बारिश, बाढ़, बादल फटना, फ्लैश फ्लड और लैंडस्लाइड जैसी घटनाएं अब आम बात हो चुकी है। भारी बारिश की वजह से कहीं न कहीं लैंडस्लाइड और पहाड़ी दरकने की घटनाएं सामने आती रहती है। ताजा घटना मंडी जिले का है, जहां अचानक पहाड़ी दरकने से भारी मात्रा में मलबा गिरा। वहीं, इस मलबे की चपेट में आने से एक पेट्रोल पंप पूरी तरह से जमींदोज हो गया।
बता दें कि मंडी जिला के सुंदरनगर उपमंडल के पुंघ क्षेत्र में शुक्रवार देर रात भारी बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा गिरकर इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर आ गिरा। हादसे में पेट्रोल पंप का ढांचा पूरी तरह ध्वस्त हो गया और मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
गनीमत यह रही कि मलबा गिरने से पहले पेट्रोल पंप प्रबंधन और कर्मचारी समय रहते सुरक्षित पर चले गए थे। कुछ आवश्यक सामान भी कर्मचारियों ने लैंडस्लाइड से पहले बाहर निकाल लिया था। हालांकि, पेट्रोल पंप पूरी तरह से मलबे में दब गया।
एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने बताया कि जिला मंडी में मानसूनी बारिश के कारण में काफी ज्यादा नुकसान हो रहा है। बीती रात सुंदरनगर के पुंघ में एक इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर लैंडस्लाइड होने के कारण पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। प्रशासन ने मौके का जायजा लिया और नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। मलबा हटाने के लिए पीडब्ल्यूडी की मशीनों की मदद ली जाएगी।








