टेकचंद वर्मा, शिमला
जिला शिमला में मूसलाधार बारिश के चलते नुकसान का दौर जारी है। मूसलाधार बारिश होने के चलते ऊपरी शिमला में कई सम्पर्क मार्ग यातायात के लिए अवरूद्व पड़े हुए है। लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को अस्त व्यस्त कर रख दिया है।
राजधानी शिमला के हिमलैंड में मंगलवार रात के समय भूस्खलन हुआ है। भूस्खलन के चलते भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया है। भूस्खलन की चपेट में पांच गाडियां भी आई है। जिससे वाहनों को नुकसान हुआ है। मगर उक्त घटना में किसी भी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है।
हिमलैंड में भूस्खलन की यह घटना मध्य रात्रि की बताई जा रही है। रोजाना उक्त मार्ग पर सैंकडों वाहनों की आवाजाही रहती है। मगर जिस समय यह भूस्खलन हुआ तो उक्त मार्ग पर वाहनों की आवाजाही नहीं हो रही थी। नहीं तो भूस्खलन के चलते बढ़ा नुकसान हो सकता है। सड़क पर भारी संख्या में मलवा आने से यहां पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप्प हो गई थी। स्थानीय लोगों ने भूस्खलन की सूचना पुलिस व प्रशासन को दी। इसके बाद उक्त स्थल से मलबा हाटने का कार्य शुरू किया गया।
कई घटों के बाद मौकें से मलबा हटा कर मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल किया गया। भूस्खलन के चलते एक बड़ा वृक्ष भी सड़क पर आ गया था। सुबह 9:00 बजे तक उक्त मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो गई थी। वहीं प्रशासन द्वारा गाडिय़ों के ऊपर पड़ा मलबा हटाया जा रहा है।