रामपुर बुशहर। किन्नौर-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर गुरुवार सुबह निगुलसरी के पास भारी भूस्खलन होने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर और भारी मात्रा में मलबा सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग पर आ गिरा, जिससे सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गई।

राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने के बाद वाहन चालकों ने वैकल्पिक मार्ग का रुख किया, लेकिन वहां भी वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम की स्थिति बन गई। इससे किन्नौर और शिमला के बीच यात्रा करने वाले लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। कई वाहन लंबे समय तक सड़क खुलने का इंतजार करते रहे।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही इस मार्ग पर यात्रा करें। संबंधित विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और यातायात बहाल करने के कार्य में जुटी हुई हैं। सड़क को जल्द से जल्द खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।








