धर्म चंद वर्मा। मंडी
हिमाचल प्रदेश के 6 बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की याद में मंगलवार को सेरी मंच पर मंडी कांग्रेस द्वारा शोक सभा का आयोजन किया गया।
शोक सभा मे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ठाकुर कौल सिंह, पूर्व मंत्री एवं जिला अध्यक्ष कांग्रेस प्रकाश चौधरी, पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक अनिल शर्मा, पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर भाजपा, जिला परिषद सदस्य एवं कांग्रेस नेत्री चंपा ठाकुर, मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी आश्रय शर्मा सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस दौरान कांग्रेस के सभी सदस्यों ने स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की।
कांगेस के पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह के निधन से प्रदेश ने एक महान नेता खोया है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह का प्रेदश के विकास में अहम योगदान रहा है, जिसे कभी नहीं भुलाया जा सकता।
उन्होंने वीरभद्र सिंह की आत्मा के लिए शांति के लिए प्रार्थना की। शोक सभा में भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने सपरिवार स्वर्गीय पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।
भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को याद करते हुए कहा कि वीरभद्र सिंह ऐसी शख्सियत थे जो पूरे प्रदेश को अपना घर मानते थे और उन्होंने प्रदेश के हर कोने का दौरा कर लोगों की भावनाओं को समझते हुए विकास के कार्य किए हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय उन्हें भी स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के साथ काम करने का मौका मिला है। उनके निधन से हर कोई आहत हुआ है। अनिल शर्मा ने स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।