मंडी। जिले के सराज क्षेत्र की ग्राम पंचायत शिकावरी में तेंदुए ने भारी आतंक मचाया है। यहां एक पशुशाला में घुसकर तेंदुए ने 26 बकरियों को मौत के घाट उतार दिया। इस घटना में बकरी पालक को करीब 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

जानकारी के अनुसार शनिवार रात तेंदुआ पंचायत के निवासी कृष्ण लाल की पशुशाला में घुस गया और वहां बंधी बकरियों पर जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित कृष्ण लाल ने बताया कि बकरी पालन ही उनके परिवार की आजीविका और रोजी-रोटी का मुख्य साधन था। इस घटना ने उनके परिवार को आर्थिक रूप से तोड़ कर रख दिया है। इस हमले के बाद अब उनके पास केवल 4 बकरियां ही जिंदा बची हैं।








