शिमला। प्रदेश में सर्द मौसम की शुरुआत होते ही राजधानी शिमला के उपनगरों में तेंदुओं की रिहायशी इलाकों में मौजूदगी बढ़ने लगी है। शहर में तापमान गिरते और रात जल्द होने से खाने की तलाश में तेंदुएं रिहायशी इलाकों की तरफ पहुंच रहे हैं।
दो दिन पहले टुटू में सड़क के पास तेंदुए को देखा गया था। इससे लगभग एक सप्ताह पहले एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी तेंदुए की मौजूदगी दर्ज की गई थी। अब संजौली के चलौंठी क्षेत्र में भी सीसीटीवी फुटेज में तेंदुआ दिखाई दिया है।
इससे पहले तेंदुएं ने चलौंठी में एक छात्र पर हमला किया था। इसमें छात्र को हलकी चोटें आई थीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेंदुआ यूएस क्लब और आसपास के क्षेत्रों में बीच-बीच में दिखाई दे रहा है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
राजधानी में सर्दियों के दौरान अंधेरा जल्द होने के कारण लोगों को घर पहुंचने के लिए स्ट्रीट लाइटों का ही सहारा होता है। तेंदुएं सुबह व शाम के समय भोजन की तलाश में रिहायशी इलाकों के पास पहुंचते हैं। अब तेंदुए घर में पहुंचने व सीसीटीवी में कैद होने के कारण आम लोगों को डर लगने लगा है। स्थानीय लोगों ने शहर के मेयर सुरेंद्र चौहान व पार्षदों से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाने की मांग की है।