हिमाचल दस्तक ब्यूरो, धर्मशाला
कांगड़ा जिले के शाहपुर हल्के की बोह घाटी में भारी बारिश के दौरान आसमानी बिजली गिरने से कुल 210 भेड़- बकरियों में से 120 भेड़-बकरियों की मौत हो गई। यह घटना द्रोणेश्वर महादेव शिव मंदिर के पास हुई, जहां तीन भेड़ पालकों की 120 से अधिक भेड़- बकरियों की मौत हो गई। प्रभावित भेड़ पालकों में ग्राम पंचायत हार बोह के उत्तम चंद पुत्र गोदा राम गांव सपेरा, बुद्धि सिंह पुत्र चतरो राम गांव सपेडा जिला कांगड़ा, और नाथूराम पुत्र रोमी राम गांव भियोरा जिला चम्बा शामिल हैं। उत्तम चंद की 10 भेड़ों तथा 35 बकरियों, बुद्वि सिंह की 25 बकरियों तथा नाथू राम की 50 बकरियों की मौत हुई है।
नाथूराम ने बताया कि दो दिन पहले देर रात को आसमानी बिजली गिरी थी और उन्होंने सुबह होते ही इसकी सूचना साथ लगते दूसरे डेरे में जाकर अपने साथी को गांव में फोन कर सूचना दी।
प्रशासन की तरफ से वेटरनरी फार्मासिस्ट हरबंस सिंह और सुरेंद्र कुमार, एनिमल हसबेंडरी अटेंडेंट केवल राम और करण सिंह की टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और मृत भेड़-बकरियों की संख्या गिनकर रिपोर्ट बनाई। भेड़ पालकों ने बताया कि उनकी आजीविका का साधन भेड़ पालन से ही चलता है और इस तरह की घटना से उनकी आर्थिक स्थिति पर बहुत बुरा प्रभाव पड़ेगा।
भेड़ पालकों ने शासन प्रशासन से राहत प्रदान करने की मांग की है। इस घटना से भेड़ पालकों को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है और उन्हें उम्मीद है कि प्रशासन उनकी मदद करेगा और उन्हें राहत प्रदान करेगा।
पशुपालन विभाग धर्मशाला की उपनिदेशक सीमा गुलेरिया ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद ही विभाग की टीम को मौके पर रवाना कर दिया गया था। इसके बाद टीम से दूरभाष पर कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था। मंगलवार रात को विभाग की टीम वापिस पहुंची है व उन्होंने नुक्सान की जानकारी बुधवार को दी है। इसके अनुसार तीन भेड़ पालकों की 120 भेड़ बकरियों की मौत हुई है। नुक्सान की रिपोर्ट तैयार कर दी गई है तथा नियमानुसार कारवाई की जा रही है।
Related