पुलिस थाना धर्मशाला के तहत कई दुकानों के ताले तोडऩे का मामला सामने आया है। शिला से चैतड़ू में हुई इस घटना से दुकानदारों तथा स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है। चोर एक दुकानों से कुछ रूपए चोरी कर ले गए जबकि ज्यादातर दुकानों में चोरी करने में असफल रहे।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात को अज्ञात चोरों ने चोरी करने के प्रयास को अंजाम दिया। दुकानदार कृष्ण कुमार के अनुसार जब वो सुबह दुकान में पहुंचा तो दुकान में लगे दोनों ताले टूटे हुए साइड में रखे हुए मिले। उन्होंने बताया कि उनकी दुकान से कुछ चोरी नहीं हुआ है लेकिन साथ में स्थित अन्य दुकान से कैश चोरी होने की जानकारी मिली है।
एक कम्यूनिकेशन सेंटर चलाने वाले शशि कुमार ने बताया कि उसे फोन आया कि तुम्हारी दुकान का शटर आधा खुला हुआ है। उसके मुताबिक जब वो दुकान में पहुंचा तो दुकान के ताले टूटे हुए थे तथा शटर आधा खोला गया था। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र में कैमरे लगाने की मांग की है।
दुकानदार कृष्ण कुमार ने यहां बिजली तथा कैमरों की मांग की है ताकि रात को उनकी दुकानों तथा क्षेत्र की सुरक्षा पुख्ता हो सके। दुकानदार नरेंद्र कुमार ने बताया कि वो दुकान बंद करके दुकान से चले गए थे तथा इसके बाद चोरों ने चोरी के प्रयास को अंजाम दिया।
फास्ट फूड का काम करने वाले दुकानदार ने बताया कि वो रात को आठ बजे घर चला गया था। इसके बाद रात को चोरों ने दुकान के ताले तोड़ कर दुकान में रखे करीब 800 रूपए चोरी कर लिए। कपड़ों की दुकान में काम करने वाली पूजा शर्मा ने बताया कि उनकी अन्य दुकान में पहले भी चोरी हो चुकी है तथा इस बार दुकान के ताले टूटे हुए मिले।
जानकारी के अनुसार यहां कई जगह सीसीटीवी कैमरे भी हैं लेकिन घटना की रात को बिजली के न होने के कारण चोरी की घटना को अंजाम देने वाले कैमरे की आंख से बचने में कामयाब रहे।