राजीव भनोट।ऊना
इस साल का तीसरा चंद्र ग्रहण 5 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के दिन लगने जा रहा है। ज्योतिष शोधार्थी व एस्ट्रोलॉजी एक विज्ञान रिसर्च पुस्तक के लेखक गुरमीत बेदी के अनुसार यह चंद्रग्रहण सुबह 8 बजकर 38 मिनट से प्रारंभ होकर 11 बजकर 21 मिनट तक रहेगा।
गुरमीत बेदी ने बताया कि यह चंद्र ग्रहण धनु राशि में लगने जा रहा है और उस दिन सूर्य मिथुन राशि में होंगे। जिस समय यह ग्रहण लगेगा, उस समय भारत में सूर्योदय हो चुका होगा और सूर्य की इस रोशनी में भारत में यह ग्रहण नहीं देखा जा सकेगा। यह ग्रहण अमेरिका, यूरोप और अफ्रीका में खास तौर पर दिखाई देगा।
गुरमीत बेदी ने बताया कि इस साल हम कुल 6 ग्रहण के साक्षी बनने जा रहे हैं, जिनमें तीन ग्रहण लग चुके हैं और चौथा अब 5 जुलाई को लग रहा है। पहला चंद्र ग्रहण 10 जनवरी को लगा था। दूसरा चंद्र ग्रहण 5 जून को लगा, तीसरा ग्रहण सूर्य ग्रहण के रूप में 21 जून को लगा था और अब चौथा ग्रहण गुरु पूर्णिमा के दिन लगेगा। बेदी ने बताया वैसे तो ग्रहण लगना एक सामान्य खगोलीय घटना है, लेकिन 30 दिन के भीतर तीन ग्रहण लगना ज्योतिष की दृष्टि से ज्यादा शुभ नहीं माना जाता। इससे प्राकृतिक आपदाओंं के योग बनते हैं और अवसाद व मानसिक तनाव से जूझ रहे लोगों की तादाद बढ़ जाती है।
उन्होंने बताया कि जब भी कोई ग्रहण लगता है या कोई ग्रह अपनी चाल बदलता है तो कमोबेश सभी राशियां उससे प्रभावित होती हैं। 5 जुलाई का यह चंद्र ग्रहण धनु राशि में लगने के कारण धनु राशि वालों को ज्यादा संभल कर रहना होगा। उन्होंने बताया कि इस प्रति छाया चंद्रग्रहण का कोई सूतक काल नहीं होगा, इसलिए शुभ कार्य वर्जित नहीं होंगे। नियमों का पालन करते हुए सभी शुभ कार्य व धार्मिक अनुष्ठान किए जा सकंेगे। गर्भवती महिलाओं पर भी इस ग्रहण का कोई दुष्प्रभाव नहीं होगा। इसलिए उन्हें चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। ग्रहण के अशुभ प्रभाव से बचने के लिए धनु राशि वालों को ओम नमो शिवाय का जाप करना चाहिए। शिवलिंग पर जल चढ़ाना चाहिए।
राशियों पर यह होगा प्रभाव
गुरमीत बेदी के अनुसार कर्क, तुला व कुंभ राशि वालों के लिए तो यह ग्रहण बहुत शुभ रहने वाला है। कर्क राशि वालों के सुखों में वृद्धि होगी, जबकि तुला व कुंभ राशि वालों को धन लाभ होगा। मेष राशि वालों को अपने मान सम्मान के प्रति सजग रहना होगा। वृषभ राशि वालों को किसी समस्या से जूझना पड़ सकता है। मिथुन राशि वालों को स्त्री पक्ष से चिंता हो सकती है। सिंह राशि वालों को भी उधेड़बुन लगी रहेगी। कन्या राशि वालों को मानसिक क्लेश हो सकता है। वृश्चिक राशि वालों को कोई न कोई नुकसान उठाना पड़ सकता है। धनु राशि वालों को स्वास्थ्य से जुड़ी कोई समस्या गंभीर रूप धारण कर सकती है। माता को कष्ट हो सकता है। मकर राशि वालों को धन हानि हो सकती है जबकि मीन राशि वालों के सुखों में कमी आएगी।