मनाली। मनाली के पर्यटन स्थल मढ़ी को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। हालांकि, गुलाबा बैरियर से आगे मढ़ी तक जाने के लिए रोहतांग पास का वैध परमिट अनिवार्य होगा। यह निर्णय सड़क निरीक्षण के बाद लिया गया है। शनिवार को एसडीएम मनाली गुरजीत सिंह चीमा और बीआरओ के प्रोजेक्ट दीपक के मेजर एमएस परमार ने मनाली के पुलिस उपाधीक्षक केडी शर्मा के साथ मढ़ी तक सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क मार्ग को पूरी तरह सुचारू और सुरक्षित पाया गया। एसडीएम कार्यालय द्वारा उपायुक्त कुल्लू को गुलाबा बैरियर से मढ़ी तक केवल उन्हीं वाहनों को भेजने का प्रस्ताव भेजा गया है, जिनके पास रोहतांग पास का वैध परमिट होगा। उपायुक्त कुल्लू कार्यालय से आदेश मिलते ही इन वाहनों को आगे जाने की अनुमति दे दी जाएगी।

उपायुक्त कुल्लू द्वारा शनिवार देर शाम अधिसूचना जारी होने की उम्मीद है। मढ़ी तक मार्ग बहाली की अधिसूचना के साथ ही पर्यटन विभाग की ऑनलाइन साइट पर रोहतांग दर्रा के लिए परमिट बुकिंग शुरू हो जाएगी । एसडीएम मनाली गुंजीत सिंह चीमा ने बताया कि मनाली से मढ़ी तक सड़क का निरीक्षण बीआरओ और पुलिस अधिकारियों के साथ किया गया है जिसकी रिपोर्ट उपायुक्त कुल्लू को भेज दी गई है। जिला प्रशासन से अधिसूचना जारी होते ही पर्यटकों को मढ़ी तक भेजा जाएगा ।
रोहतांग दर्रा देरी से खुलना पर्यटन सीजन पर भारी मार
गौरतलब है कि रोहतांग दर्रा का देरी से खुलना मनाली के पर्यटन सीजन पर भारी पड़ रहा है। मढ़ी जो कि एक बहुत ही सुन्दर पर्यटन स्थल है जिसको लेकर जिला प्रशासन आज देर शाम अधिसूचना जारी कर सकता है, वहां पर बर्फ पूरी तरह पिघल चुकी है। सिर्फ ब्यासनाला में ही पर्यटकों की थोड़ी बहुत बर्फ देखने को मिल सकती है।
रोहतांग बहाली जल्द होने की उम्मीद
रोहतांग दर्रा एक ऐसा दर्रा है जहां पर पर्यटक जुलाई माह के अंत तक बर्फ देख सकते हैं। लेकिन अटल टनल रोहतांग के खुलने से अब रोहतांग उपेक्षा का शिकार होने लगा है। जब तक पर्यटकों के लिए रोहतांग बहाली होगी तब तक वहां भी बर्फ लगभग पिघलने के कगार पर ही होगी। बहरहाल अब रोहतांग बहाली भी नजदीक है और बीआरओ की मशीनरी बर्फ हटाते हुए मनाली की ओर से रानीनाला जबकि लाहौल की ओर से ग्राम्फू से आगे राक्षी ढांक तक पहुंच गई है। जिससे अब मढ़ी के बाद रोहतांग बहाली भी जल्द होने की उम्मीद है।







