बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में चुनावी ड्यूटी से जुड़ी बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिले में एक साथ आठ पुलिस कर्मचारियों को निलंबित करने की कार्रवाई ने पूरे विभाग में खलबली मचा दी है। मामला सीधे तौर पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) की सुरक्षा से संबंधित है।
सस्पेंड किए गए कर्मचारियों में दो हेड कॉन्स्टेबल और छह कॉन्स्टेबल शामिल हैं। सभी को तुरंत प्रभाव से लाइन हाज़िर कर दिया गया है। बिलासपुर के एसपी संदीप धवल ने कार्रवाई की पुष्टि की है।
सूत्रों के अनुसार, बिलासपुर कॉलेज और लखनपुर स्थानों पर चुनाव आयोग ने EVM को स्टोर किया हुआ है, जहां चौबीसों घंटे सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात की गई थी। बुधवार देर रात एएसपी शिव चौधरी ने दोनों स्थानों पर अचानक निरीक्षण किया, जिसमें यह सामने आया कि ड्यूटी पर तैनात जवान अपनी जगह पर मौजूद ही नहीं थे।
एएसपी ने तुरंत पूरी जानकारी एसपी संदीप धवल को दी। मामले को बेहद संवेदनशील मानते हुए एसपी ने बिना कोई देरी किए आठों पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया। एसपी ने कहा कि EVM की सुरक्षा चुनाव के दौरान सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में से एक है, और इसमें जरा-सी भी लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
विभाग ने सभी कर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने तक उन्हें पुलिस लाइन में ही ड्यूटी करनी होगी। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और पुलिस विभाग में अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक था।