मनाली। देवता घेपन की पारंपरिक मलाणा यात्रा देव रीति-रिवाजों और आस्था के साथ संपन्न हो गई। देवता घेपन के हरियान राजीव ने बताया कि मलाणा यात्रा को लेकर देवता ने सभी हरियानों को पहले ही आवश्यक निर्देश दिए थे। सभी हरियानों ने देव आदेश का पूर्ण श्रद्धा और अनुशासन के साथ पालन करते हुए पूरी यात्रा पैदल तय की।

उन्होंने बताया कि मलाणा गांव पहुंचने पर देवता घेपन की देव विधि के अनुसार विधिवत पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। इस दौरान स्थानीय श्रद्धालुओं और देव अनुयायियों ने भी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ देवता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
हरियान राजीव ने कहा कि धार्मिक अनुष्ठानों के सफल समापन के बाद अब देवता घेपन अपने नए रथ में विराजमान होकर लाहौल स्थित अपने देवालय की ओर प्रस्थान कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि यह यात्रा क्षेत्र की प्राचीन देव संस्कृति, परंपरा और लोगों की अटूट आस्था का प्रतीक है, जिसमें हरियान और श्रद्धालु पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं।








