घनश्याम शर्मा, मनाली।
बीजिंग में फरवरी 2022 में होने जा रहे शीतकालीन ओलम्पिक में आरिफ खान देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। गुलमर्ग के आधार शिविर टंगमर्ग के रहने वाले आरिफ के ओलंपिक में क्वालीफाई करने पर मनाली में भी खुशी का माहौल है। आरिफ खान बीजिंग शीतकालीन ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने वाले देश के एकमात्र स्की खिलाड़ी है।
स्की एंड स्नो बोर्ड इंडिया के सेकेट्री जनरल रुप चन्द नेगी ने कहा कि आरिफ का अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान सहित मनाली व सोलंगनाला की ढलानों से भी गहरा नाता रहा है। उन्होंने बताया कि 31 वर्षीय आरिफ खान चार वर्ष की आयु से ही स्कीइंग कर रहे हैं। उनके पिता यासीन खान का गुलमर्ग में एक स्की स्टोर है और वह वहां घूमने आने वाले पर्यटकाेे के अलावा स्कीइंग के लिए बताैर गाईड भी अपनी सेवाएं उपलब्ध कराते हैं।
आरिफ खान ने स्कीइंग अपनी दुकान के बाहर ही शुरु की थी। उन्होंने 12 साल की उम्र में पहली बार नेशनल जूनियर चैंपियनयशिप जीती थी। उन्होंने लगातार तीन वर्ष तक यह प्रतियोगिता जीती थी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में उन्होंने पहली बार एशियन एल्पाइन स्की चैंपियनशिप में हिस्सा लिया था।
नेगी ने बताया कि आरिफ खान ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और इस मुकाम तक जा पहुंचे। उन्होंने बताया कि आरिफ खान की इस सफलता का श्रेय हिमाचल सरकार को भी जाता है। स्की एंड स्नो बोर्ड इंडिया को जयराम सरकार ने बहुत मदद दी है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर ने आरिफ खान को बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि भारतीय एथलीट आरिफ खान ने बीजिंग ओलंपिक 2022 के लिए केवल पांच दौड़ में से चार दौड़ में क्वालीफाई किया है। यह भारत और स्की और स्नो बोर्ड भारत के लिए गर्व का क्षण है। रूप चन्द नेगी ने एथलीटों और शीतकालीन खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन के सेकेट्री जनरल राजीव मेहता का भी आभार व्यक्त किया।