कुल्लू। मनाली पुलिस की टीम ने झाड़ग (अलेऊ) इलाके में एक किराये के कमरे में दबिश देकर 26.200 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने पंजाब के अमृतसर के रहने वाले 4 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 2 महिलाएं भी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झाड़ग स्थित एक किराये के कमरे में छापा मारा। पुलिस जब कमरे में घुसी तो वहां चार लोग मौजूद थे। पुलिस ने जब नियमानुसार कमरे की तलाशी ली, तो आरोपियों के कब्जे से 26.200 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने 20,000 रुपये नकद, एक डिजिटल तराजू, इस्तेमाल किया हुआ सिल्वर फॉयल और एक लाइटर कब्जे में ले लिया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह उर्फ सूमा (35) निवासी फतेहगढ़ राजपूतां, थाना झंडियाला, गहनेशाह उर्फ अंश (22) और उसकी पत्नी मनप्रीत कौर उर्फ काव्या (20) निवासी गली नंबर 7, मजीठा व गीता (35) पत्नी लवीश महाजन निवासी गांव खजाना, गेट बाबा नन्दलाल बिल्डिंग, अमृतसर (पंजाब ) के रूप में की गई है।
मनाली थाने में चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की कड़ाई से जांच कर रही है कि चिट्टे की यह खेप कहां से लाई गई थी और मनाली व आसपास के इलाकों में इनके सप्लायर कौन हैं। यदि किसी को भी अपने आसपास नशे की खरीद-फरोख्त या संदिग्ध गतिविधि की भनक लगती है, तो वे तुरंत टोल-फ्री नंबर 112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।-मदन लाल, एसपी, कुल्लू।








