नेरचौक। कीरतपुर मनाली फोरलेन पर नागचला और डडौर के बीच मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पल भर में उजाड़ दीं। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल आगे चल रहे एक ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार दो आइटीआई प्रशिक्षुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका तीसरा साथी गंभीर घायल है।

तीनों युवक मंडी से सुंदरनगर की ओर जा रहे थे। सुंदरनगर स्थित आइटीआई के यह प्रशिक्षु रोजमर्रा की तरह अपने सफर पर निकले थे। जैसे ही वह नागचला के समीप पहुंचे, उनकी तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।
दुर्घटना में 21 वर्षीय प्रदीप कुमार पुत्र बीरबल सिंह, निवासी गांव पपलेड़ा, डाकघर मराथु की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर घायल 24 वर्षीय राजीव कुमार पुत्र धर्म सिंह, निवासी गांव व डाकघर मराथु, तहसील सदर, जिला मंडी को तुरंत नेरचौक मेडिकल कालेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल तीसरे युवक मनोज कुमार निवासी खेड़ा डाकघर कालका जिला पंचकूला हरियाणा की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।








