कुल्लू, 01 अगस्त। मनाली से लेह जाने वाला प्रमुख मार्ग एक बार फिर भारी बारिश के कारण अवरुद्ध हो गया है। धुंधी इलाके में स्थित हॉकी ब्रिज के पास लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण सड़क की हालत बेहद खराब हो गई। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने वीरवार रात से इस मार्ग पर अटल टनल होते हुए भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।
छोटे वाहन अभी भी उसी मार्ग से गुजर रहे हैं, लेकिन बड़े ट्रक और बसों को अब वैकल्पिक रास्ते से भेजा जा रहा है। मनाली से लेह जा रहे भारी वाहनों को पलचान से रोहतांग दर्रे की ओर मोड़ा जा रहा है, जबकि लेह से मनाली आ रहे वाहनों को लाहौल पुलिस ने अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल पर रोककर कोकसर और रोहतांग के रास्ते भेजने की व्यवस्था की है।
हॉकी ब्रिज के पास जिस स्थान पर भूस्खलन हो रहा है, वहां बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) फ्लाईओवर का निर्माण कार्य कर रहा है। वहीं पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति इल्मा अफरोज ने जानकारी दी कि बीआरओ द्वारा मार्ग को बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। यदि मौसम अनुकूल रहा तो शाम 5 बजे तक यातायात बहाल होने की संभावना है।