मनाली। ओल्ड मनाली में रविवार को सुबह मनालसू नदी से 22 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान मौसम दरनाल पुत्र इच्छा राम निवासी गांव शिंगशार, डाकघर सुरंगा, तहसील एवं जिला झापा (नेपाल) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में ओल्ड मनाली में दर्जी का काम करता था।

पुलिस के अनुसार रविवार सुबह थाना मनाली में दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि ओल्ड मनाली में मनालसू नदी में किसी व्यक्ति का शव फंसा हुआ दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ओल्ड मनाली में क्लब हाउस के समीप मनालसू नदी में एक व्यक्ति का शव फंसा हुआ मिला, जिसे पुलिस टीम ने बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनाली पहुंचाया। मृतक के पिता इच्छा राम ने शव की पहचान अपने बेटे के रूप में की।
उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका बेटा पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था और रविवार सुबह करीब छह बजे घर से चला गया था। उन्होंने बेटे की मौत को लेकर किसी पर भी शक या संदेह नहीं जताया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद मृतक के पिता के हवाले कर दिया है। डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।








