घनश्याम शर्मा। मनाली
मनाली की युवा डॉक्टर पिया कपूर के परिजनों ने गौसेवा कर मनाली के गौसदन में बिटिया का जन्मदिन मनाया। परिजनों ने घास के साथ-साथ नमक व गुड़ खिलाकर गउओं की सेवा की।
ऐसा अनूठा जन्मदिन मनाकर डॉक्टर पिया का परिवार दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बना। शिक्षा मंत्री गोबिंद ठाकुर, उनकी धर्मपत्नी रजनी ठाकुर व एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने डॉक्टर पिया को जन्मदिन की बधाई दी। पिया की माता खुशबू कपूर व पिता चमन कपूर ने बताया कि उनकी इस पहल में उनके परिजन भी जुड़े और सभी ने सहयोग किया। पिया के पिता चमन कपूर ने कहा कि 2 जीप घास उन्होंने अपनी ओर से जबकि 2 जीप घास पिया के नाना केवल ठाकुर ने, एक जीप यशपाल ने, 2 जीप प्रकाश अग्रवाल ने, एक जीप नन्द लाल ने, 2 जीप रोटरी क्लब ने जबकि एक जीप घास अलमदिन अली ने भेंट की।
मंत्री गोबिंद ठाकुर ने पिया को जन्मदिन की बधाई दी तथा सभी घास देने वाले दानी सज्जनों का आभार जताया। मंत्री ने कहा कि पिया के परिवार ने बिटिया का जन्मदिन गौसदन में मनाकर समस्त जनता को प्रेरणा दी है। इनसे प्रेरणा लेकर सभी लोग वेस्टर्न कल्चर में न जाकर अपनी संस्कृति को ध्यान में रखते हुए इसी तरह गौ माता की सेवा को बढ़-चढ़कर आगे आएं। शास्त्रों में भी लिखा है कि गौ माता की सेवा करने से यह जन्म तो सुधरेगा ही अगले जन्म का भी सुधार होगा।
उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वो गौ माता की सेवा को आगे आएं ताकि गौसदन का संचालन आसान हो सके। नप अध्यक्ष एवं डॉक्टर पिया के पिता चमन कपूर व माता खुशबू कपूर ने कहा कि गौ माता की रक्षा करना हम सब का धर्म बनता है। इसलिए सभी गौ रक्षा के लिए आगे आएं।