मनाली। मनाली में आए दिन बाहरी पर्यटकों द्वारा सड़क सुरक्षा नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। इसी बीच मनाली पुलिस ने सड़क सुरक्षा नियमों की खुलेआम अनदेखी करने वाले एक वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसका चालान किया है।

उक्त वाहन में पूरा परिवार सनरूफ और खिड़कियों से बाहर लटककर सफर कर रहा था, जबकि चालक वाहन को गलत लेन में ले जाने का प्रयास कर रहा था। इसका वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस ने वाहन की पहचान कर चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत कार्रवाई की। नियमों के उल्लंघन पर चालक का 3500 का चालान किया गया है।
लोग यातायात नियमों का करें पालन : डीएसपी मनाली
डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ नियमानुसार चालान किया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क पर इस तरह की लापरवाही न केवल वाहन में सवार लोगों की जान को खतरे में डालती है, बल्कि अन्य राहगीरों और वाहन चालकों के लिए भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।








