मनाली। सोलंग घाटी से आगे फर्स्ट स्नो गैलरी के समीप शुक्रवार देर रात एक स्कॉर्पियो वाहन (यूपी 87 एम 6966) दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क से लगभग 50 से 60 फीट गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना में वाहन सवार पांचों लोग घायल हो गए, जिन्हें रेस्क्यू कर उपचार के लिए सिविल अस्पताल मनाली पहुंचाया गया है।
जानकारी के अनुसार चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें तीन युवक और दो युवतियां शामिल हैं। घायलों में तीन युवक एवं एक युवती उत्तर प्रदेश के निवासी हैं, जबकि एक युवती दिल्ली की रहने वाली बताई गई है।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर सिविल अस्पताल मनाली भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण तेज गति और चालक की लापरवाही माना जा रहा है। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि इस संबंध में चालक के विरुद्ध पुलिस थाना मनाली में लापरवाही एवं तेज रफ्तार से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।








