मंडी। पुलिस ने एक 30 साल के फौजी जवान को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी फौजी जवान से करीब 23 ग्राम चिट्टा पकड़ा गया है। जोगिंद्रनगर और पधर पुलिस की संयुक्त टीम ने वीरवार देर रात मंडी-पठानकोट हाईवे पर पधर के समीप नाकाबंदी कर आरोपी को कार समेत पकड़ा।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान मंडी जिले के धर्मपुर के गांव तनेहड़ के रहने वाले सतीश कुमार के रूप में हुई हैं। आरोपी फौज में कार्यरत है। जोगिंद्रनगर उपमंडल में चिट्टे की सप्लाई से जुड़ा हुआ था। पुलिस के मुताबिक आरोपी की गतिविधियों पर काफी समय से नजर रखी जा रही थी।
इसी बीच गुरुवार देर रात पुलिस टीम ने उसे पधर के पास रोककर कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान करीब 23 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर पधर थाने ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस चिट्टा सप्लाई की करेगी जांच
एसपी मंडी विनोद कुमार ने आरोपी की गिरफ्तारी और चिट्टा बरामद होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी के पिता हिमाचल पुलिस से रिटायर हुए हैं।
मामले की जांच में सामने आने वाले अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस बरामद चिट्टे के स्रोत और इसके नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। सेल्टोस कार में आरोपी सवार था और जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो वह घबरा गया। बाद में तलाशी में कार से चिट्टा बरामद किया गया।-अभिमन्यू वर्मा, एएसपी, मंडी।








