बैहना क्षेत्र को नगर निगम से बाहर कर पुन: पंचायत में शामिल करने की उठाई मांग
मंडी । नगर निगम मंडी के तहत बैहना वार्ड 14 को निगम से बाहर करने के मुद्दे पर बुधवार को चुनाव प्रक्रिया के दौरान भारी उलटफेर देखने को मिला। नाम वापिसी के समय बैहना वार्ड से चुनाव लड़ रहे भाजपा, कांग्रेस और दो निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपने-अपने नाम वापिस लेकर एक तरह से चुनावी बहिष्कार ही कर दिया। नाम वापसी करने वालों में कांग्रेस प्रत्याशी धनदेव, भाजपा प्रत्याशी गुरवचन सिंह, निर्दलीय उम्मीदवार कृष्ण भानु और मनसा राम प्रमुख रहे।

बताया जा रहा है कि नाम वापस लेने का यह निर्णय सभी ने जनसमर्थन से लिया। आखिरकार जन दबाव के आगे जहां प्रत्याशियों को नाम वापिस लेने पड़े, वहीं पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी और विधायक ने भी स्थानीय जनता का साथ दिया और अपने अपने प्रत्याशियों के नाम वापिस करवाने में अहम भूमिका निभाई। इससे पूर्व बैहना में सभी प्रत्याशियों से लोगों चर्चा की और जब आम सहमति से नाम वापिसी तय हुई तो फिर सभी एक साथ बल्ह एसडीएम कार्यालय पहुंचे और एक साथ सभी चारों ने अपने अपने नाम वापिस ले लिए। अब मैदान में कोई भी प्रत्याशी शेष नहीं बचा है। सूत्रों के मुताबिक यह घटनाक्रम स्थानीय ग्रामीणों द्वारा किए जा रहे चुनाव बहिष्कार के चलते सामने आया। पिछले कई दिनों से वार्ड के लोग एकजुट होकर चुनाव का विरोध कर रहे थे और लगातार यह मांग उठा रहे थे कि बैहना क्षेत्र को नगर निगम से बाहर कर पुन: पंचायत में शामिल किया जाए।
निगम के बैहना वार्ड से चारों प्रत्याशियों ने अपने नाम वापिस ले लिए हैं। अब कोई प्रत्याशी चुनावी मैदान में नहीं बचा है।-स्मृतिका नेगी, एसडीएम, बल्ह।








