मंडी। मंडी में एक दर्दनाक हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। करसोग की पोखी-कटाड़ा सड़क पर शनिवार देर रात बोलेरो गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। गाड़ी सड़क से करीब 500 फीट गहरी खाई में जा गिरी। जानकारी के अनुसार, बोलेरो वाहन एचपी-01एम-6470 का चालक डोली राज पुत्र घनश्याम, निवासी गांव कटाड़ा, डाकघर महोग शनिवार रात पोखी से अपने घर कटाड़ा की ओर लौट रहा था। जब वह छला टला के समीप पहुंचा तो अचानक वाहन से उसका नियंत्रण खो गया। देखते ही देखते बोलेरो सड़क से नीचे लगभग 500 फीट गहरी खाई में जा गिरी।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। देर रात हुए हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और अंधेरे के बीच राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम भी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों और पुलिस कर्मियों ने खाई में उतरकर चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








