हिमाचल दस्तक। मंडी
मंडी शिवरात्रि मेले में शामिल होने के लिए बुधवार को बड़ा देव कमरूनाग मंडी जनपद में पहुंच गए हैं। बड़ा देव कमरूनाग के स्वागत के लिए जिला प्रशासन व सर्व देवता कमेटी के प्रधान शिव पाल शर्मा वह अन्य सैकड़ों लोगों ने उनका पुलघराट में भव्य स्वागत किया।
बड़ा देव कमरूनाग के मंडी पहुंचने पर सबसे पहले राज देवता माधो राय जी के मंदिर में अपनी हाजिरी भरी और उसके बाद राज महल गए तत्पश्चात वह टारना माता मंदिर में विराजमान होंगे, जहां पर वह सप्ताह भर विराजमान रहेंगे।
मंडी में जितने भी देवी देवता शिवरात्रि मेले में आते हैं उनमें एक बड़ा देव कमरूनाग ही ऐसे देवता हैं जो टारना माता मंदिर में 7 दिनों तक विराजमान रहते हैं और अपने भक्तों को 7 दिनों तक टारना माता मंदिर में अपना आशीर्वाद देते हैं।
बुधवार को मंडी शहर में जो अन्य देवता मंडी पहुंचे, उनमें सुखदेव ऋषि, थट्टा देव ऋषि, देव बुड्ढा बिगल, देव कमरूनाग, देव झाथी वीर, देवी बगलामुखी, देवी बुड्डी बैरवा, देव ढगांडू ऋषि शामिल हैं।
आज बड़े देवता कमरूनाग के पहुंचने से छोटी काशी मंडी देवमयी हो गई। बड़ा देव कमरूनाग के मंडी पहुंचने के बाद शिवरात्रि शुरू हो जाती है और उसके बाद अन्य देवी- देवताओं के भी आने का सिलसिला शुरू हो चुका है। आने वाले 2 दिनों में प्रशासन द्वारा आमंत्रित सभी 216 देवता मंडी पहुंच जाएंगे।