मंडी । घर में मोबाइल फोन को लेकर हुई एक छोटी-सी बात ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। 11 साल की बच्ची को मोबाइल अधिक चलाने को लेकर परिजनों ने डांटा था, इसके कुछ देर बाद वह कमरे में चली गई। जब परिवार के लोग उसे देखने पहुंचे तो वह अचेत अवस्था में मिली। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टर बच्ची को बचा नहीं सके। घटना धर्मपुर क्षेत्र की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि परिवार में तीन बच्चे हैं और घर में एक ही मोबाइल फोन है। मोबाइल इस्तेमाल करने को लेकर बच्चों में अक्सर बहस होती रहती थी। शनिवार शाम भी तीनों बच्चों के बीच मोबाइल फोन को लेकर बहस हुई। इसी दौरान 11 वर्षीय बच्ची को ज्यादा मोबाइल चलाने पर उसकी मां ने डांटा। परिजनों के अनुसार, दिन में उसकी नानी ने भी मोबाइल को लेकर उसे डांटा था।
इसके बाद बच्ची नाराज होकर कमरे में चली गई। कुछ समय बाद परिवार के सदस्य नीचे की मंजिल में पहुंचे तो बच्ची कमरे में अचेत अवस्था में मिली। परिजनों ने उसे संभाला और आसपास के लोगों की मदद से तत्काल सिविल अस्पताल धर्मपुर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सरकाघाट भेज दिया है। पोस्टमार्टम आगामी दिन किया जाएगा। डीएसपी धर्मपुर संजीव सूद ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।








