धर्म चंद वर्मा। मंडी
मंडी जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा गांधी भवन में नगर निगम चुनाव को लेकर एक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें मंडी नगर निगम के 15 वार्डों से कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश चौधरी ने की। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व मंत्री व जिला अध्यक्ष प्रकाश चौधरी ने बताया कि नगर निगम के चुनावों को लेकर बैठक की जा रही है जिसमें सभी के सुझावों को सुना जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शिमला हाईकमान ने मंडी नगर निगम चुनावों के लिए पूर्व मंत्री जीएस वाली, शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह, विधायक, सुंदर ठाकुर और विनोद सुल्तानपुरी को प्रभारी नियुक्त किया है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी नगर निगम चुनाव में ऐसे प्रत्याशियों को मैदान में उतारेगी जिनकी लोगों के साथ अच्छी पैठ हो। उन्होंने कहा कि शिमला हाईकमान ने जो प्रभारी मंडी नगर निगम के लिए नियुक्त किए हैं उनका तजुर्बा नगर निगम चुनाव के लिए काफी सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार है और सरकार के मुख्यमंत्री मंडी जिला से हैं लेकिन इसके बावजूद भी कांग्रेस पार्टी नगर निगम में अपना परचम लहराने के लिए जी तोड़ मेहनत कर रही हैं।