मंडी। नगर निगम मंडी के वार्ड नंबर 12 में मंगलवार सुबह एक लेदर पर्स और गिफ्ट आइटम की दुकान में भीषण आग लग गई, जिसने ऊपरी मंजिल पर बने मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि घर के सदस्यों को अपनी जान बचाने के लिए छत की ओर भागना पड़ा। यह दुकान स्थानीय निवासी हरीश शर्मा की थी, जो हादसे के वक्त व्यापार के सिलसिले में राज्य से बाहर थे।

आग सुबह लगभग 5:30 बजे लगी। प्राथमिक तौर पर इसका कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। दुकान में रखा सारा कीमती सामान जलकर खाक हो गया है। पीड़ित परिवार को करीब 25 से 30 लाख रुपये का वित्तीय नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की डिप्टी मेयर और स्थानीय पार्षद माधुरी कपूर मौके पर पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और नुकसान का जायजा लिया। फिलहाल, शहरी चौकी पुलिस की टीम ने मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।







