नेरचौक/मंडी। मंडी जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। धनोटू पुलिस ने नौलखा फोरलेन फ्लाईओवर के पास नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप जीप से बीयर की 116 पेटियां बरामद की हैं। हैरानी की बात यह है कि बीयर की खेप को सब्जियों की खाली प्लास्टिक क्रेटों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था। बरामद बीयर में टुबोर्ग की 110 और किंगफिशर की 6 पेटियां शामिल हैं। कुल 1392 बोतलें पुलिस ने कब्जे में ली हैं। वाहन चालक बीयर से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

नौलखा फोरलेन पर नाकाबंदी, पिकअप से पकड़ी बीयर की खेप
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर को धनोटू पुलिस की टीम नौलखा फोरलेन फ्लाईओवर के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सुंदरनगर से मंडी की ओर आ रही एक पिकअप जीप को जांच के लिए रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को सब्जियों की खाली प्लास्टिक क्रेटें दिखाई दीं। जब इन क्रेटों के नीचे जांच की गई तो वहां बीयर की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने मौके से कुल 116 पेटियां बरामद कीं।
चालक नहीं दिखा सका वैध दस्तावेज, पुलिस ने कब्जे में ली खेप
जांच के दौरान पिकअप चालक बीयर के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने पूरी खेप को कब्जे में ले लिया और थाना धनोटू में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बीयर की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे मंडी में कहां पहुंचाया जाना था।
पंजाब में बिक्री के लिए अंकित बीयर की भी जांच
इस मामले में किंगफिशर की 6 पेटियां भी जांच का अहम हिस्सा हैं, जिन पर ‘सेल इन पंजाब ओनली’ लिखा हुआ था। पुलिस खेप से संबंधित दस्तावेजों और परिवहन के उद्देश्य की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं।
एसपी विनोद कुमार ने की कार्रवाई की पुष्टि
मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बीयर की 116 पेटियां बरामद किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले में पुलिस आगामी जांच कर रही है। फिलहाल धनोटू पुलिस ने बीयर की पूरी खेप कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही अवैध परिवहन और इस खेप से जुड़े अन्य पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







