धर्म चंद वर्मा। मंडी
जलशक्ति, बागवानी, राजस्व एवं सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकार कृषि-बागवानी क्षेत्र के विकास तथा किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कृषि और बागवानी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बहुत सी नई योजनाएं आरंभ की गई हैं ताकि लोगों के लिए किसानी-बागवानी का काम मुनाफे का सौदा बने। महेंद्र सिंह ठाकुर नाचन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण के उपरांत मशोगल और झूंगी में आयोजित जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।
जलशक्ति मंत्री ने नाचन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुटाहची में आयुर्वेदिक औषधालय का लोकार्पण किया। 19.82 लाख रुपये की लागत से बने इस आयुर्वेदिक औषधालय से क्षेत्र के लोगों को घर-द्वार के समीप बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
इसके उपरांत उन्होंने मशोगल में उप स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ किया। इसके अलावा मशोगल में 5 लाख रुपये से बनने वाले पंचायत भवन और विश्व बैंक पोषित उद्यान विकास परियोजना के तहत 69 लाख रुपये की सिंचाई योजना मशोगल का शिलान्यास भी किया। इस दौरान नाचन के विधायक विनोद कुमार उनके साथ उपस्थित रहे।