मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सीआईए टीम ने कन्सा पुल के पास श्मशान घाट के समीप एक बोलेरो पिकअप की तलाशी लेकर अवैध शराब की 960 बोतलें बरामद की हैं। वाहन में देसी शराब संतरा और रॉयल स्टैग व्हिस्की की बड़ी खेप ले जाई जा रही थी।
पुलिस ने इस मामले में सुंदरनगर तहसील निवासी सूरज नायक उर्फ अबू को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ बल्ह पुलिस थाना में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

कन्सा पुल के पास गुप्त सूचना पर पुलिस की दबिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 5 नवंबर को मंडी पुलिस की सीआईए टीम को अवैध शराब की तस्करी से संबंधित गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने कन्सा पुल के पास श्मशान घाट के समीप नाकाबंदी और जांच के दौरान बोलेरो पिकअप नंबर HP 65-8446 को रोककर तलाशी ली। वाहन की जांच करने पर पुलिस को बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सुंदरनगर का रहने वाला है गिरफ्तार आरोपी
पुलिस के अनुसार, बोलेरो पिकअप में सूरज नायक उर्फ अबू सवार था। वह सुंदरनगर तहसील का निवासी बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना बल्ह में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
एसपी मंडी बोले- अवैध शराब के कारोबार पर जारी रहेगी कार्रवाई
मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।








