मंडी। जिला मंडी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुुलिस ने आरोपी की चल एवं अचल संपत्तियों को जब्त कर फ्रीज कर दिया है।

जानकारी के अनुसार थाना हटली में दर्ज 10 मई, 2025 के तहत मामले में आरोपी मनोहर लाल पुत्र दिला राम निवासी गांव दलाहए डाकघर नरेला, तहसील बलद्वाड़ा जिला मंडी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उसके कब्जे से 466 ग्राम अफीम बरामद हुई थी। जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से संपत्ति अर्जित की है। इसी आधार पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68 के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी और उसके परिजनों की संपत्तियों को सीज एवं फ्रीज करने के आदेश जारी किए। जब्त की गई संपत्तियां में गांव खलिहान, तहसील बल्ह में लगभग 0.10.89 हेक्टेयर भूमि मूल्य 13,104। उसी स्थान पर डबल स्टोरी मकान मूल्य 11,88,331 बजाज पल्सर मोटरसाइकिल मूल्य 94,155 रुपये है।
पुलिस अधीक्षक मंडी ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ न केवल गिरफ्तारी बल्कि उनकी अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों को जब्त कर उनकी आर्थिक जड़ों को भी खत्म किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में पुलिस का सहयोग करें, ताकि समाज को इस गंभीर खतरे से बचाया जा सके।
पुलिस ने नशे के खिलाफ सख्त कदम उठाना शुरू कर दिए हैं। इस मामले में भी आरोपियों की संपत्ति को जब्त किया गया है। पुलिस अब किसी भी अपराधी को नहीं छोड़ेगी।-विनोद कुमार, एसपी, मंडी।







