मंडी। पठानकोट-मंडी एनएच पर मैगल के पास बारिश के कारण मलबा गिरने के कारण पुराना एनएच बाधित हो गया, जिस कारण बड़ी गाड़ियों को रोक दिया गया, जबकि छोटी गाड़ियां नए फोरलेन से भेजनी पड़ीं।

वहीं एचआरटीसी बस पर पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया है। पहाड़ी से पत्थर शीशा तोड़कर अंदर आ घुसा। सीट पर बैठी सवारी पत्थर और शीशे टूटने से घायल हो गई। बस पराशर से मंडी आ रही थी।

पठानकोट-मंडी एनएच पर मंडी से 10 किलोमीटर दूर मैगल के पास पहले ही पहाड़ी दरक रही थी, ऐसे में बुधवार सुबह हुई भारी वर्षा से आया मलबा सड़क के बाद सीधा नए फोरलेन तक चला गया। हालांकि फोरलेन को नुकसान नहीं हुआ है लेकिन पुराने एनएच पर यातायात बाधित है। वहीं मलौरी टनल के पास भी पत्थर गिरे हैं, जबकि मंडी बाईपास पर भी पहाड़ से पत्थर गिरने के कारण वाहन चालकों को परेशानी हुई।
ब्यास नदी का जलस्तर खतरे के निशान के पास
वहीं कुल्लू में बादल फटने के बाद बुधवार को पंडोह बांध के गेट भी खोले गए, जिस कारण ब्यास नदी का जलस्तर भी खतरे के निशान से एक फुट नीचे तक पहुंच गया।








