धर्म चंद वर्मा। मंडी
जिला मंडी में इंदिरा गांधी की जयंती पर गांधी भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने कहा कि इंदिरा गांधी का जन्म 19 नवंबर, 1917 को हुआ था और उन्हें अपने पिता जवाहर लाल नेहरू से राजनीति विरासत में मिली थी।
पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने कहा कि पाकिस्तान के दो टुकड़े करने वाली इंदिरा को आयरन लेडी के नाम से जाना जाता है। एक समय गूंगी गुडिय़ा कही जाने वाली इंदिरा ने अपने कई सख्त फैसलों से सबको चौंका दिया था।
उन्होंने बैंकों का राष्ट्रीयकरण करने जैसा साहसिक फैसला किया था। बाद में वह बहुत तेजी से भारतीय राजनीति के आकाश पर छा गईं। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी जनवरी, 1966 से मार्च, 1977 तक देश की प्रधानमंत्री रहीं।
इसके बाद 1980 में वह दोबारा देश की प्रधानमंत्री बनीं। 31 अक्तूबर, 1984 को उनके अंगरक्षकों द्वारा उनकी हत्या कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि आज जिला मंडी कांग्रेस कमेटी ने उन्हें याद किया और उनके बताए हुए मार्ग पर चलने की शपथ ली।