मंडी। सरकाघाट उपमंडल के तहत गोपालापुर पंचायत के बैंजी गांव में दिनदहाड़े छात्रा की निर्मम हत्या के बाद स्थानीय लोग भड़क उठे हैं। अभिभावकों में भी डर का माहौल है, खासकर बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। सोमवार देर शाम को छात्रा हत्याकांड मामले में मौहीं में लोगों ने चक्का जाम किया। लोगों ने आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। स्थिति गंभीर होती देख डीएसपी संजीव कुमार गौतम भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शन कर रहे लोग मानने को तैयार नहीं।

हत्या की घटना से क्षेत्र में दहशत
बैंजी गांव में दिनदहाड़े छात्रा की हत्या की घटना से क्षेत्र में दहशत है। घटनास्थल के आसपास महज 10 मीटर की दूरी पर आगे-पीछे आबादी होने के बावजूद इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने कहा कि महिलाओं के लिए हालात सुरक्षित नहीं रह गए हैं। उन्होंने कहा कि गांव में गौशाला जाने या खेतों में काम करने में डर लगने लगा है। इस घटना के बाद लोग अकेले बाहर निकलने से भी कतराने लगे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, जिससे लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम हो सके।








