8 वर्षीय बच्ची समेत तीन लोग घायल, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
कुल्लू। मणिकरण घाटी के सरसाड़ी क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। पर्यटकों को लेकर जा रही एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक 8 वर्षीय बच्ची भी शामिल है।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। बचाव अभियान चलाकर घायलों को खाई से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायलों का इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मृतकों की पहचान तथा हादसे के कारणों की पुष्टि की जा रही है।








