मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर में मंगलवार शाम को हुए भीषण भूस्खलन ने दो घरों को मलबे में समा लिया। हादसे में अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है। मंगलवार को मां-बेटी सहित तीन शव बरामद हुए थे, जबकि बुधवार को एनडीआरएफ टीम ने मलबा काटकर तीन और शव निकाले। अस्पताल के एसएमओ चमन सिंह ने बताया कि मलबे से निकालकर जब महिला और बच्ची को जब अस्पताल पहुंचाया गया तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान सुरेंद्र कौर, गुरप्रीत सिंह और प्रकाश शर्मा के रूप में हुई है। प्रकाश शर्मा स्कूटर समेत मलबे में दबे मिले। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मकान गिरने के बाद करीब एक घंटे तक मलबे से चीख-पुकार सुनाई देती रही, लेकिन लोग मदद करने में असमर्थ रहे। भूस्खलन से दो परिवार पूरी तरह प्रभावित हुए हैं, जबकि एक वाहन भी दब गया। आसपास के मकानों में रह रहे लोग खतरे को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर चले गए।
प्रदेश में लगातार बारिश के चलते हालात बिगड़ते जा रहे हैं। मौसम विभाग ने कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और किन्नौर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि ऊना और बिलासपुर में येलो अलर्ट है। आठ सितंबर तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है।
सावधानी बरतते हुए शिमला, सोलन, सिरमौर, कांगड़ा, बिलासपुर और कुल्लू सहित कई जिलों के स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। मंडी जिले के सुंदरनगर, करसोग, पधर, कोटली, सरकाघाट, बल्ह और अन्य उपमंडलों में भी शिक्षण संस्थान बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।