करसोग मटर की डिमांड अधिक, किसानों को राहत; दस दिन में मटर के दामों में बढ़ोतरी
सोलन। सोलन सब्जी मंडी में इन दिनों मटर के दामों में लगातार तेजी देखी जा रही है। हिमाचल में तैयार हो रहे ताजे मटर की मांग अब देश के बड़े शहरों तक पहुंच चुकी है। खासतौर पर बॉम्बे (मुंबई) में हिमाचली मटर की मांग बढऩे से सोलन मंडी में कीमतों में उछाल आया है, जिससे किसानों को भी राहत मिली है।
शुक्रवार को सोलन मंडी में करसोग से आए मटर का अधिकतम भाव 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया, जबकि सोलन और सिरमौर के मटर 60 से 65 रुपये प्रति किलो तक बिके। वहीं मटर का न्यूनतम भाव भी बढक़र 30 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। पिछले करीब दस दिनों में मटर के दामों में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली है।

बाहरी राज्यों के आढ़ती कर रहे मटर की खरीद
मंडी में बाहरी राज्यों से आए आढ़ती बड़ी मात्रा में मटर की खरीद कर रहे हैं और इसे विभिन्न राज्यों में भेजा जा रहा है। बारिश से पहले किसानों को मटर के अच्छे दाम नहीं मिल पा रहे थे। समय पर बारिश न होने के कारण कई जगहों पर फसल भी प्रभावित हुई थी।
किसानों को मिलने लगे है बेहतर दाम
हालांकि हाल ही में हुई बारिश के बाद फसल की स्थिति में सुधार हुआ और उत्पादन बढ़ा, जिससे अब किसानों को बेहतर दाम मिलने लगे हैं। सोलन सब्जी मंडी में अब तक करीब 52 हजार क्विंटल मटर पहुंच चुका है। प्रतिदिन औसतन 500 से 600 क्विंटल मटर मंडी में आ रहा है। यहां से मटर की सबसे अधिक खेप बॉम्बे भेजी जा रही है, जबकि चंडीगढ़ और दिल्ली के बाजारों में भी इसकी अच्छी मांग है।
करसोग मटर का दाम सबसे अधिक
टमाटर और शिमला मिर्च के बाद मटर किसानों की प्रमुख नकदी फसलों में शामिल है। इन दिनों मंडी में सोलन के साथ-साथ करसोग क्षेत्र से भी बड़ी मात्रा में मटर पहुंच रहा है। गुणवत्ता के कारण करसोग के मटर के दाम सामान्य से थोड़े अधिक रहते हैं।
मंडी में मटर की आवक लगातार बढ़ रही है और बाहरी राज्यों में हिमाचली मटर की मांग भी बढ़ी है। खासतौर पर मुम्बई में इसकी सबसे ज्यादा डिमांड है, जिससे किसानों को अच्छे दाम मिल रहे।-राघव सूद, सचिव, एपीएमसी सोलन।








