स्वर्गीय माता कृष्णा देवी ने संवारी कई लोगों की जिंदगी
हिमाचल दस्तक।राकेश ठाकुर :बद्दी : हिमाचल के प्रतिष्ठित फार्मा उद्योग क्यूरेटेक स्किन केयर के एमडी अश्विनी सिंगला की माता स्वर्गीय कृष्णा देवी का 80 साल की उम्र में अकस्मात निधन हुआ है। जिस पर बीबीएन सहित भारत के अन्य क्षेत्रों के उद्योग जगत ने भी परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
क्यूरेटेक स्किन केयर के एमडी अश्विनी सिंगला के पिता की 42 वर्ष पूर्व मृत्यु के बाद मां ने ही अकेले परिवार को संभालने का जिम्मा उठाया था। जिस तरह स्वर्गीय कृष्णा देवी अपने बूते पूरे परिवार को सहारा देती रही, उसी भांति समाज के कई बेसहारा व लाचार लोगों को भी उन्होंने मदद कर तरक्की की राह दिखाने का काम किया। जिसकी मिसाल लोग आज भी देते हैं। सामाजिक कार्यों में शुरू से ही रुचि रखने वाली माता ने दुखों के समय भी लोगों का साथ नहीं छोड़ा। यही वजह भी उनके बच्चों की कामयाबी का एक बड़ा जरिया मानी जाती है। क्यूरेटेक ग्रूप ऑफ कंपनीज आज हिमाचल में एक बड़ा नाम है।
जिसे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय उद्योग जगत में भी बड़े अदब से मान दिया जाता है। स्वर्गीय कृष्णा देवी का जन्म सितंबर 1939 में संगरूर के निकट सनाम गांव में हुआ था। बहुत ही सादा जीवन जीने वाली वह 30 सालों तक जालंधर मे रहीं। जिसके बाद वे अपने परिवार संग पंचकूला में शिफ्ट हुई। परिवार द्वारा उनके निधन उपरांत आठ नवंबर को पंचकूला के सेक्टर चार में मनसा देवी मंदिर के निकट भवन में रसम पगड़ी का कार्यक्रम रखा गया है। जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष दर्शन सैणी, गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, पूर्व कांग्रेस विधायक चौधरी राम कुमार, मदन चौधरी, नप अध्यक्ष नरेंद्र दीपा, संदीप सचदेवा व अन्य ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की है।