धर्मशाला। कांगड़ा जिले में सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर है। मटौर वैली ब्रिज पर निर्माण कार्य के चलते मंगलवार रात 11 बजे से बुधवार सुबह 7 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग, विद्युत विभाग और पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से निर्माण एवं अन्य जरूरी कार्य करेंगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि इस दौरान मटौर वैली ब्रिज से गुजरने के बजाय जमानाबाद-अब्दुल्लापुर सड़क का वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल करें। इसके अलावा आसपास के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रहेगी।

रात 11 बजे से सुबह 7 बजे तक बंद रहेगा मटौर ब्रिज
एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि मटौर वैली ब्रिज पर निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए मंगलवार रात 11 बजे से बुधवार सुबह 7 बजे तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान NH विभाग, विद्युत विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद रहेंगी। निर्माण कार्य और लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुल पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
वाहन चालक इस वैकल्पिक रास्ते का करें इस्तेमाल
ब्रिज बंद रहने के दौरान लोगों को परेशानी से बचाने के लिए प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था बताई है। एसडीएम डॉ. अंजलि गर्ग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे जमानाबाद-अब्दुल्लापुर सड़क का इस्तेमाल करें। इसलिए अगर आप रात के समय मटौर ब्रिज से होकर गुजरने की योजना बना रहे हैं तो पहले से अपने सफर की योजना बना लें।
4 नवंबर को वन-वे खुलेगा मटौर ब्रिज
एसडीएम ने बताया कि 4 नवंबर को सुबह से मटौर ब्रिज को वाहनों की आवाजाही के लिए वन-वे खोला जाएगा। इसका मतलब है कि पुल पर यातायात नियंत्रित तरीके से चलेगा। वाहन चालकों को प्रशासन और मौके पर तैनात पुलिस कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करना होगा।
मटौर समेत इन इलाकों में बिजली भी रहेगी बंद
मटौर वैली ब्रिज पर निर्माण कार्य के साथ विद्युत लाइन से संबंधित काम भी किया जाएगा। इसके चलते आसपास के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
बिजली कटौती का शेड्यूल:
- बिजली बंद होने की शुरुआत: 3 नवंबर 2026, शाम 7 बजे
- बिजली बहाल होने का निर्धारित समय: 4 नवंबर 2026, सुबह 11 बजे तक
प्रभावित क्षेत्र:
- मटौर
- गुरकड़ी
- बगली रोड
- ओल्ड मटौर
- मटौर चौक
- कोहाला
स्थानीय 20 किलोमीटर के निवासियों को 1500 रुपये वार्षिक में बनेगा पास
डॉ. अंजलि गर्ग ने बताया कि घट्टा टोल प्लाजा पर स्थानीय 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले निवासियों को राहत प्रदान की गई है। इस संबंध में प्रोजेक्ट डायरेक्टर एवं उच्च अधिकारियों से बातचीत के बाद स्थानीय निवासियों के लिए वार्षिक पास की राशि 1500 रुपये निर्धारित की गई है। पात्र स्थानीय निवासी टोल प्लाजा पर जाकर अपना वार्षिक पास बनवा सकते हैं। वहीं, अन्य वाहन चालकों के लिए 3075 रुपये का वार्षिक पास उपलब्ध रहेगा। उन्होंने बताया कि बहुत जल्द राजमार्ग यात्रा ऐप के माध्यम से भी लोग अपना वार्षिक पास बनवा सकेंगे।








