चार सुरक्षा बैरीकेड तोड़ते हुए निकली कार, घटना सीसीटीवी में कैद
मैहतपुर बसदेहड़ा। हिमाचल प्रदेश के प्रवेश द्वार मैहतपुर में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पंजाब की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार टोल प्लाजा के समीप अचानक अनियंत्रित हो गई और टोल बैरियर पर लगे चार सुरक्षा बैरीकेड्स को तोड़ते हुए आगे बढ़ गई। हादसे में ड्यूटी पर तैनात एक टोल कर्मी और एक पुलिस जवान घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं पुलिस ने जांच शुरू कर दी।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर एक कार पंजाब की तरफ से हिमाचल में प्रवेश कर रही थी। टोल प्लाजा के समीप पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते कार ने सड़क के बीच लगाए गए सुरक्षा बैरीकेड्स को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों बैरीकेड्स के बीच ड्यूटी दे रहे कर्मियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे में एक टोल कर्मी और एक पुलिस जवान इसकी चपेट में आ गए, जिससे दोनों घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने घायलों को उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात को सुचारू रूप से बहाल किया। पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में कार को तेज गति से बैरीकेड्स को टक्कर मारते हुए देखा जा सकता है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
हादसे में घायल टोल कर्मी और पुलिस जवान का उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि कार चालक से पूछताछ की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है।-सचिन हिरेमठ, पुलिस अधीक्षक, ऊना।








