शिमला:
पश्चिमी विक्षोभ के चलते रविवार दोपहर को प्रदेश में मौसम ने करवट बदल ली। जिसके चलते पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते हुए बदलाव के कारण यह ओलावृष्टि हुई है।
सोमवार से मौसम खुल जाने की उम्मीद है। विभाग ने 26 फरवरी तक प्रदेश भर में मौसम के साफ रहने की संभावना जताई है। मनमोहन सिंह ने बताया कि 27 से 29 फरवरी तक पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों में 28 व 29 फरवरी को गरज के साथ बारिश होने के आसार हैं। राजधानी शिमला में रविवार को सुबह के समय अच्छी धूप खिली, तो वहीं दोपहर बाद मौसम अचानक बदल गया है। दोपहर करीब एक बजे राजधानी शिमला में बारिश व ओलावृष्टि का दौर शुरू हो गया।
राजधानी के कई क्षेत्रों में जहां बारिश का दौर चलता रहा तो कहीं कहीं ओलावृष्टि भी हुई। ओलावृष्टि से शिमला-धर्मशाला राष्ट्रीय उच्च मार्ग उपनगर टूटू के पास बाधित हो गया। यहां वाहनों का लंबा जाम लगने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के बालूगंज, टूटू व ढांढा में करीब आधे घंटे तक ओलावृष्टि का दौर चलता रहा है। ऐसे में यहां एक बार फिर से लोगों को परेशानियों से दो चार होना पड़ा। ओलों से हाईवे सफेद हो गया। शहर में शाम तक रुक-रुक कर वर्षा होती रही।