चंडीगढ़: पंजाब और हरियाणा के अधिकांश स्थानों में रविवार को न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट के साथ पारा सामान्य के आसपास या ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यहाँ बताया कि दोनों राज्यों की राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा के अंबाला, करनाल, सिरसा, हिसार और रोहतक में न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब दर्ज किया गया। पंजाब के लुधियाना, पटियाला, हलवारा और गुरदासपुर में रात का तापमान सामान्य से ऊपर रहा। अमृतसर, पठानकोट, बठिंडा, और आदमपुर में पारा सामान्य के करीब दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारी ने कहा कि अगले दो दिनों तक रात का तापमान और गिरने की संभावना है। उन्होंने बताया कि कोहरे के कारण पंजाब और हरियाणा के प्रमुख शहरों में दृश्यता में कमी रही।