विजय शर्मा सुंदरनगर।
मंडी जिला में पुलिस की मुस्तैदी से शिमला के सुन्नी क्षेत्र से गायब 2 नाबालिग लड़कियों को सुंदरनगर के धनोटू से बरामद कर लिया गया है। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री से दिशानिर्देश मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष नाकाबंदी कर नाबालिग लड़कियों को पकड़ लिया गया। पुलिस द्वारा प्रारंभिक जांच में लड़कियों द्वारा अपने किसी मित्र से मिलने को लेकर सुंदरनगर आने की बात कबूली की गई है। पुलिस ने दोनों नाबालिग लड़कियों को उनके परिजनों के हवाले कर दिया है।
जानकारी के अनुसार जिला शिमला की पुलिस पोस्ट सुन्नी में दो नाबालिगों के गायब होने पर आईपीसी की धारा 363 में मामला दर्ज किया गया था। इसके उपरांत सुन्नी पुलिस द्वारा लड़कियों का हुलिया प्रदेश के हर पुलिस थाना और अधिकारियों को प्रेषित किया गया था। वहीं मामले की सूचना मिलते ही एसपी मंडी द्वारा जिला के सभी थानों को विशेष सर्च अभियान चलाने के निर्देश जारी किए गए। इस पर सुंदरनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाईकरते हुए दोनों नाबालिग लड़कियों को क्षेत्र के धनोटू से बरामद कर लिया गया।