कमल शर्मा। शाहतलाई
ग्राम पंचायत मलरांव में अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा आधी रात को सूखे घास को जलाने का मामला सामने आया है। उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत मलरांव में एक माह के भीतर ही अज्ञात शरारती तत्वों ने 2 परिवारों का सूखा घास जला दिया, लेकिन इस बार अज्ञात शरारती तत्वों ने ग्राम पंचायत मलरांव के प्रधान ओंकार सिंह को अपना शिकार बनाया। इससे क्षेत्र में अब दहशत फैल गई है। पुलिस ने पंचायत प्रधान की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। ग्राम पंचायत प्रधान ओंकार सिंह ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि मलरांव पंचायत में इस तरह की घटना की निष्पक्ष जांच की जाए। जब इस संदर्भ में पुलिस थाना प्रभारी से संपर्क किया तो उन्होंने पुष्टि करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत मलरांव के प्रधान ओंकार सिंह द्वारा अपने पालतु पशुओं के लिए रखे सूखे घास को किसी अज्ञात शरारती तत्वों ने जला दिया है। पंचायत प्रधान ने इस संबंध में एक शिकायत पत्र दिया है। पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है।