हमीरपुर। महावीर स्टोन क्रशर से जुड़े अवैध खनन प्रकरण में दर्ज एफआईआर के सिलसिले में भाजपा विधायक आशीष शर्मा मंगलवार को हमीरपुर जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश हुए। पेशी के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने प्रदेश सरकार पर राजनीतिक प्रताड़ना का आरोप लगाया। आशीष शर्मा ने कहा कि विभिन्न विभागों के माध्यम से उनके और उनके परिवार के खिलाफ लगातार मामले दर्ज किए जा रहे हैं। उनके अनुसार अब तक उनके खिलाफ तीन तथा परिवार के खिलाफ पांच मामले दर्ज हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्रवाइयों का उद्देश्य राजनीतिक दबाव बनाना है।
विधायक ने एफआईआर पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस स्टोन क्रशर पर अवैध खनन का मामला दर्ज किया गया है, वह 2024 से बंद पड़ा है, फिर भी पुलिस ने 2022–23 के पुराने रिकॉर्ड के आधार पर कार्रवाई की है। उन्होंने पुलिस पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या अब पुलिस जीएसटी, आयकर और अन्य विभागों की जांच भी करने लगी है?
उन्होंने आरोप लगाया कि यदि माइनिंग विभाग उनसे जानकारी मांगता तो वे सभी आवश्यक विवरण उपलब्ध करवा देते, लेकिन पुलिस ने सीधे 36 लाख 60 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर दिया, जो केवल प्रताड़ित करने की कार्रवाई है। आशीष ने कहा कि विधानसभा और सार्वजनिक मंचों पर सरकार के खिलाफ उठाई जा रही उनकी आवाज को दबाने के लिए यह कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह इन मामलों से डरने वाले नहीं हैं और जनहित के मुद्दे आगे भी मजबूती से उठाते रहेंगे।