- आज भी कई स्थानों पर होगी भारी बारिश
- मौसम विज्ञान केन्द्र ने जारी किया अलर्ट
- पहाडों पर बारिश से ठण्ड़ का एहसास
- प्रदेश में 22 सितम्बर तक खराब बना रहेगा मौसम
वरिष्ठ संवाददाता, टेकचंद वर्मा, शिमला
हिमाचल प्रदेश में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहा। दिन के समय पहाडों पर गर्जन के साथ बारिश भी रिकॉर्ड की गई है। मौसम विज्ञान केन्द्र के पूर्वानुमान के तहत राज्य में शनिवार को भी कई स्थानों पर गर्जन के साथ मूसलाधार बारिश होगी। जबकि राज्य में 22 सितम्बर तक मौसम खराब बना रहेगा। उक्त अवधि के दौरान प्रदेश के कई स्थानों पर बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है।
प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में शुक्रवार को सुबह से ही मौसम खराब बना रहा। आसमान में काले बादल घिरे रहे। पहाडों पर कई स्थानों पर 11:30 बजे के करीब बारिश का क्रम शुरू हो गया था। राजधानी शिमला में दिन भर घनघोर धूंध घिरी रही और दिन के समय रूक रूक कर बारिश होती रही। बारिश होने से पहाडों पर अब ठण्ड़ का एहसास भी होने लगा है।
प्रदेश में बीते 24 घंटो के दौरान भी मानसून सक्रिय रहा। प्रदेश के कई स्थानों पर झमाझम बारिश हुई है। नाहन में 70 मिलीमीटर बारिश हुई है। इसके अलावा राजगढ़ में 56, नगरोटा में 28, रेणुका में 24, सोलन में 22, गगल में 21, पालमपुर में 19, जोगिन्द्रनगर में 17, पावटा साहिब में 14, कसौली में 12 और बैजनाथ में 10 मिलीमीटर बारिश हुई है। बारिश होने से न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है।
मौसम विज्ञान केन्द्र शिमला के निदेशक सुरेन्द्र पाल ने बताया कि प्रदेश में 22 सितम्बर तक मौसम खराब बना रहेगा। शनिवार को पहाडों पर कई स्थानों पर गर्जन के साथ भारी बारिश होगी
राज्य में अगामी दिनों के दौरान भी हल्की बारिश का क्रम जारी रहेगा।