शिमला। हिमाचल प्रदेश के 5 जिलों में आज भी भारी बारिश होगी। मौसम विज्ञान केन्द्र द्वारा प्रदेश के कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन व सिरमौर में भारी बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। मगर प्रदेश की जनता के लिए यह सुखद खबर है कि प्रदेश में 6 से 10 सितंबर के बीच ज्यादा बारिश नहीं होगी। उक्त अवधि के दौरान किसी भी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। ऐसे में भारी बारिश के चलते परेशानियां झेल रही जनता को कुछ हद तक की राहत मिल सकती है।
प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश के कई स्थानों पर तेज बारिश आंकी गई है। शिमला में उक्त अवधि के दौरान 45.0, सुन्दनगर में 28.3, भुंतर में 55.6, सोलन में 44.4, मनाली में 44.0, बिलासपुर में 50.8, जुब्बड़हट्टी में 59.0, कुफरी में 43.6, नारकंडा में 42.0, कसौली में 67.0 और सराहन में 47.0 मिलीमीटर बारिश हुई है। जिससे राज्य में अभी भी जगह जगह पर भूस्खलन की घटनाएं पेश आ रही है। जो जनता के लिए परेशानी का कारण बन गया है।
प्रदेश के कई जिलों में गुरूवार को भी बारिश आंकी गई है। मगर प्रदेश में बीते दिनों के मुकाबले कम बारिश हुई है। हालांकि अधिकतर क्षेत्रों में सुबह से शाम के तक मौसम खराब बना रहा। लेकिन राज्य के कुछ जिलों को छोडक़र शेष जिलों में कम बारिश हुई है। प्रदेश के कुल्लू, मंडी, चंबा और सोलन में कई स्थानों पर दिन के समय तेज बारिश हुई है। प्रदेश में होने से प्रदेश में लगातार ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। प्रदेश में सितंबर माह के दौरान नवम्बर माह जैसी ठंड का एहसास होने लगा है। तापमान में अगामी दिनों के दौरान ओर गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विज्ञान केन्द्र शिमला के निदेशक डा. कुलदीप श्रीवास्तव के अनुसार प्रदेश के पांच जिलों में शुक्रवार को भारी बारिश होगी। शेष जिलों में हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है। 6 से 10 सितंबर के बीच प्रदेश में बारिश का किसी भी तरह का अलर्ट नहीं आया है। उक्त अवधि के दौरान हल्की बारिश होने की ही संभावना जताई जा रही है। जो भारी बारिश के चलते परेशानियां झेल रही जनता के लिए राहत लेकर आ सकती है।