धीरज चोपड़ा। पांवटा साहिब
पांवटा साहिब कोविड डेडिकेटिड सराहां अस्पताल में दाखिल पांवटा साहिब की महिला व उसकी 7 साल की बेटी का चौथी बार टेस्ट लिया गया। इसमें मां की रिपोर्ट नेगेटिव आने से पांवटा के लोगों को राहत तो मिली, लेकिन बेटी की रिपोर्ट फिर से पॉजीटिव आई है। अब बेटी का दोबारा पांच दिन बाद टेस्ट किया जाएगा। बेटी की रिपोर्ट पॉजीटिव आने से अब सिरमौर जिले में एक ही पॉजीटिव केस रह गया है।
बीएमओ डॉ. अजय दयोल ने बताया कि महिला और बच्ची की रिपोर्ट चौथी बार ली है। इसमें महिला की रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई है। सात साल की बच्ची चौथी बार टेस्ट लेने पर भी पॉजीटिव आई है। उन्होंने कहा कि इससे पहले 12 मई को टेस्ट हुआ था, फिर 22 मई और उसके बाद 27 मई को टेस्ट हुआ था। तीनों टेस्ट में महिला और उसकी बेटी की रिपोर्ट पॉजीटिव आई थी।
अब सोमवार को लिए गए टेस्ट में महिला नेगेटिव पाई गई है, जबकि महिला की 7 साल की बेटी की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। उन्होंने कहा की वैसे बच्ची स्वस्थ है और उसमें कोरोना के कोई लक्षण अभी तक नहीं हैं। उन्होंने कहा की पांच दिन बाद दोबारा बच्ची का टेस्ट लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल में बच्ची को पौष्टिक खाना और काढ़ा देकर इलाज किया जा रहा है।





